ऑटो डेस्क। MG Motor जल्द ही भारतीय कार बाजार में दस्तक देने वाली है। कंपनी ने इस बात की घोषणा की है कि भारत में लॉन्च होने वाली उसकी पहली मॉडल का करीब 75 फीसद हिस्सा स्वदेशी होगा। यानी कार का 75 प्रतिशत हिस्सा भारत में बनेगा जबकि 25 फीसद हिस्सा कंपनी बाहर से आयात करेगी।
कंपनी ने पहले ही इस बात की जानकारी दे दी थी कि उसका पहला मॉडल अगले साल की दूसरी तिमाही में भारत में लॉन्च होगा। जबकि कंपनी का दूसरा मॉडल पूरी तरह से इलेक्ट्रिक SUV होगा, जो पहले मॉडल के लॉन्च के एक साल के भीतर ही पेश किया जाएगा।
लेकिन MG Motor ने भारतीय बाजार में पेश किए जाने वाले अपने पहले मॉडल के बारे में फिलहाल कोई भी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि पहला मॉडल MG HS SUV होगा, जो ग्लोबल मार्केट में कंपनी का एक फ्लैगशिप मॉडल है। जानकारों की माने तो कंपनी अपनी कई गाड़ियों की टेस्टिंग कर रही है। इनमें MG RX5, ZS SUV और Baojun 530 SUV शामिल है, जिनकी बिक्री चीन में जारी है।
MG मोटर इंडिया के प्रेसिडेंट और मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव छाबा ने बताया कि, “हमारे सभी प्रोडक्ट्स को यूके और चीन में डिजाइन और इंजीनियर्ड किया गया है जिनमें भारतीय इंजीनियर्स का बड़ा योगदान है। इन वाहनों में अधिकतर देसी पुर्जों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा भारतीय सड़कों को ध्यान में रखते हुए कारों में ग्लोबल क्वालिटी दी जा रही है, इसके लिए हलोल प्लांट में इंजीनियर्स काम कर रहे हैं।”